सुदूरवर्ती थारू क्षेत्र पहुंचा मंत्री समूह, किए ताबड़तोड़ निरीक्षण, जानी विकास कार्यो की जमीनी हकीकत

फारुख हुसैन

लखीमपुर(खीरी): शुक्रवार को सूबे के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रभारी मंत्री जितिन प्रसाद ने मंत्री समूह सदस्य चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह संग अपने भ्रमण कार्यक्रम के दूसरे दिन तहसील व ब्लॉक पलिया के सुदूरवर्ती क्षेत्र चंदन चौकी पहुंचे, जहां मंत्री समूह ने एटीएस विद्यालय व एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण, ओडीओपी प्रदर्शनी, धुसकिया में चौपाल व सबसेंटर परसिया, मलिन बस्ती (सुभाष नगर) का निरीक्षण करके जमीनी हकीकत जानी। इस दौरान विधायक अरविंद गिरी, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, सीडीओ अनिल कुमार सिंह, एडीएम संजय सिंह मौजूद रहे।

मंत्रीसमूह ने एटीएस का किया निरीक्षण

मंत्री समूह ने राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय चंदन चौकी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की पड़ताल की। मंत्री समूह के पहुंचने पर विद्यालय की बालिकाओं ने पुष्पगुच्छ एवं तिलक कर स्वागत किया। मंत्री समूह ने विद्यालय में बनाए गए आगंतुक/अतिथि कक्ष का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने प्रधानाचार्य विद्यावती भारती से नामांकित बच्चों की संख्या, शिक्षकों की उपलब्धता जानी। प्रधानाचार्य ने बताया कि 335 बालिकाएं नामांकित व 16 शिक्षिकाएं कार्यरत हैं।

मंत्री समूह ने कंप्यूटर कक्ष में लगे 22 कंप्यूटर की क्रियाशीलता देख बच्चों का कंप्यूटर ज्ञान भी परखा। निरीक्षण में कक्षा 12 में अंग्रेजी व कक्षा 12 में हिंदी की कक्षाएं चलती मिली। बच्चों से बातचीत के दौरान बिजली आने, जनरेटर चलने के संबंध में जानकारी ली। निर्देश दिए कि सोलर का क्षमता वर्धन किया जाए। विद्यालय की लोलैंड में जलभराव पर जल निकासी की व्यवस्था के निर्देश दिए। इस दौरान मंत्री समूह को विद्यालय परिवार ने स्मृति चिन्ह भेंट किया।

मंत्री समूह ने एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का किया निरीक्षण

मंत्री समूह ने चंदन चौकी क्षेत्र के ग्राम सोनहा स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने एनसीसी कैडेट्स की सलामी ली। प्रभारी मंत्री जितिन प्रसाद ने निरीक्षण के दौरान स्मार्ट क्लास में कक्षा 12 के छात्र अंतरित कुमार से स्मार्ट बोर्ड पर गणित का इंटीग्रेशन समझा। इस दौरान मंत्री ने छात्रों से विषय से संबंधित कई प्रश्न किए। जिनके सही उत्तर देने पर मंत्री ने बच्चों का हौसला बढ़ाया। मंत्री के पूछने पर डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि अभी हाल ही में यहां पर्याप्त शिक्षकों की भर्ती हुई है।

यह विद्यालय जनजातीय क्षेत्र में बेहतर शिक्षा प्रदान करने का सशक्त माध्यम है। यहाँ को-एजुकेशन, सीबीएसई बोर्ड, एनसीईआरटी पैटर्न व आवासीय सुविधा पूर्णतया निशुल्क है। यहां के बच्चे आईआईटी व नीट में बड़े पैमाने पर पास कर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन करते हैं। परियोजना अधिकारी यूके सिंह ने मंत्री समूह के समक्ष क्षेत्र में इंटरनेट कनेक्टिविटी के लिए अनुरोध किया।

मंत्री समूह ने थारू महिलाओं से जानी समस्याएं

प्रभारी मंत्री जितिन प्रसाद के नेतृत्व में मंत्री समूह एकीकृत जनजाति विकास परियोजना कार्यालय पहुंचा, जहां कई ख्यातिलब्ध पुरस्कारों से नवाजी जाने वाली थारू महिला उद्यमी आरती राना ने साथी महिलाओं के साथ मंत्री समूह को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। मंत्री समूह ने महिलाओं से उनका कामकाज, उत्पादों की मार्केटिंग की जानकारी की। इसके बाद परियोजना परिसर में लगी एक जनपद एक उत्पाद प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मंत्री समूह ने जलकुंभी से बने बैग, योगा मैट, पूजा आसन, बनाना फाइबर, जुट पर्स, सिंगारदानी, फाइबर पॉट सहित अन्य थारू उत्पादों कि न केवल प्रशंसा की बल्कि उनका उत्साहवर्धन किया।

मंत्री समूह ने उनके उत्पादों को पैसा देकर स्वयं खरीदा। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं से मंत्री समूह ने संवाद किया, सरकार से चाही जाने वाली सुविधाओं के संबंध में बातचीत की। उन्होंने महिलाओं से कोविड टीकाकरण, बूस्टर डोज लगवाने के संबंध में जानकारी की। इस दौरान अनीता, ढकिया निवासी अर्चना देवी, निराशू, लालफूल, भद्दो देवी से उनकी समस्याएं जानी, संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए।

मंत्रीसमूह ने धुसकिया में लगाई चौपाल, सुनी समस्याएं

मंत्री समूह ने ग्राम धुसकिया में ग्राम चौपाल लगाई। चौपाल में स्वयं सहायता समूह द्वारा हस्तशिल्प प्रदर्शनी, बेसिक शिक्षा पुस्तक प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। चौपाल का संचालन सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने किया। ग्राम चौपाल को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि आप सभी से संवाद करने के लिए मंत्री समूह स्वयं आया है। केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सुगमता से पहुंचे, इसकी समीक्षा एवं अधूरे कामों को जानने के लिए आए है। आपके कामों को न केवल लखनऊ तक लेकर जाएंगे, बल्कि सार्थक प्रयासों से उन्हें पूरा भी कराएंगे। जंगल को बचा कर रखें, इसको बचाने की जिम्मेदारी आपके कंधों पर है।

आपसभी पीएम-सीएम के हृदय में वास करते है। कोविड टीकाकरण कराने वालो के हाथ उठवाए। सभी के हाथ उठाने पर मंत्री समूह ने प्रसन्नता जाहिर की। उपस्थित ग्रामीण जनसमूह से बुजुर्ग अमर सिंह को बुलवाया उनके परिवार एवं मिलने वाली योजनाओं की जानकारी ली, बताया कि बनकटी-बेलापरसुआ रोड बहुत खराब है। छेदिया पश्चिम प्रधान नरेश ने डिग्री कॉलेज बनवाने, विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की। दुधवा-गौरीफंटा मार्ग पर रोड के किनारे खड़ंजा अधूरा छोड़ दिया, जिसपर पीडब्ल्यूडी अफसरों को अवशेष कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

मंत्री समूह ने नगर पालिका परिषद पलिया के मोहल्ला सुभाष नगर (मलिन बस्ती) का स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यक्रमों की जमीनी हकीकत जानी। उन्होंने पैदल भ्रमण कर वार्ड की साफ-सफाई देखी। मंत्री समूह ने पीएम आवास योजना (शहरी) के लाभार्थी राजू राठौर दुर्गा देवी, बृजलाल व विजयपाल का आवास न केवल देखा बल्कि उनसे बातचीत करके आवास मिलने में कोई असुविधा तो नहीं हुई की जानकारी ली। लाभार्थी बृजलाल के परिवारीजनों ने बताया कि लाभार्थी के मृतक हो जाने पर अंतिम किस्त मिलने में बैंक से काफी असुविधा, दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

हमारी निष्पक्ष पत्रकारिता को कॉर्पोरेट के दबाव से मुक्त रखने के लिए आप आर्थिक सहयोग यदि करना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें


Welcome to the emerging digital Banaras First : Omni Chanel-E Commerce Sale पापा हैं तो होइए जायेगा..

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *