गजब फर्जीवाड़ा गुरु: दिखाया कोई और दूल्हा और शादी करवा रहे थे 40 साल के बुड्ढे से, कन्या पक्ष ने पुलिस को किया सूचित तो शादी के नाम पर ठगी करने वाले गैंग का हुआ खुलासा


तारिक खान
डेस्क: अभी तक आपने फर्जी अधिकारी, फर्जी पुलिस वाले के बारे में सुना होगा, मगर फर्जी दुल्हे और फर्जी बारात के बारे में शायद पहली बार सुन रहे होंगे। दिखाया सलमान खान और शादी करवा रहे थे बुड्ढे के तर्ज पर रायबरेली पुलिस ने फर्जी दूल्हा और फर्जी बारात गैंग को पकड कर फर्जी शादी कर कन्या पक्ष को लुटने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने 2 महिलाओं सहित कुल 7 लोगो को फर्जी शादी गैंग के गिरफ्तार किया है।
घटना 11 मार्च 2025 की रात करीब 11 बजे के लगभग की है। जब मिल एरिया थाना क्षेत्र के रांघनपुर गांव में बिचौलिए रिशु पत्नी अजय, निवासी डीह थाना पानीपत, हरियाणा से एक फर्जी दूल्हा और उसके पांच अन्य साथियों को ईको कार से बारात लेकर पहुंचे। दुल्हन पक्ष ने उनका स्वागत-सत्कार शुरू किया, लेकिन जब दूल्हे को मंडप में लाया गया तो हकीकत सामने आ गई।
दुल्हन पक्ष ने बताया कि जिस लड़के से शादी तय हुई थी, ये वो लोग नहीं थे। बिचौलिए दंपति लड़की पक्ष को अपनी बातों से समझाने की कोशिश कर रहे थे। मामला संदिग्ध लगने पर ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान राजीव को सूचना दी, जिन्होंने तुरंत मिल एरिया थाने को सूचना देकर मौके पर बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने फर्जी दूल्हा, बिचौलिए दंपति और गिरोह के अन्य सदस्यों सहित कुल 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि यह गिरोह फर्जी दूल्हा बनाकर शादी करता था और बाद में दुल्हन के घरवालों को लूटकर फरार हो जाता था। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में दूल्हा पवन कुमार (40 वर्ष) निवासी झज्जर, हरियाणा, उसके पिता नरेश, रिश्तेदार दिनेश कुमार, बिचौलिया रिसु, पत्नी अजय, बीकापुर नारायणपुर थाना डीह, रिश्तेदार राम कुमार निवासी दिल्ली (दूल्हे के फूफा), विमला पत्नी राम कुमार (दूल्हे की बुआ) शामिल हैं।
मिल एरिया थाना अध्यक्ष राजीव सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पानीपत से आई बारात का स्वागत थाने में हो चूका है और अदालत की चौखट तक मामला जा रहा है। इधर दुल्हन पक्ष खुद को ठगा महसूस कर रहा है। जबकि लोगो का कहना है कि सही समय पर हकीकत खुल गई वरना लड़की का जीवन बर्बाद हो जाता।