महिला ने दर्ज करवाया अपने मुर्गे के क़त्ल की ऍफ़आईआर, आरोपियों को हो सकती है 5 साल तक की सजा

संजय ठाकुर
बलिया। जिले से एक बेहद अनोखा मामला सामने आया है। जहां एक महिला ने थाने पहुंचकर पुलिस से मुर्गे के कत्ल की शिकायत की। महिला की शिकायत पर पुलिस ने 2 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अब पूरा मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
मामला गढ़मालपुर गांव का है। जहां 2 पक्षों के बीच काफी समय से जमीन का विवाद चल रहा है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने महिला के मुर्गे को ईंट से हमला कर मार डाला। जिसके बाद महिला मामले की शिकायत लेकर थाने पहुंच गई और केस दर्ज करा दिया।
वहीं मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि सूरज राम और शीला देवी के खिलाफ आरती देवी ने मुर्गा मारने और मारपीट करने की शिकायत की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, पालतू जीव-जंतू जिसकी कीमत 50 रुपए से अधिक हो, उसकी हत्या करने या उसके साथ छेड़छाड़ धारा 429 के तहत कानूनी अपराध है। जिसमें आरोपी को 5 साल तक की सजा का प्रावधान है।